विदिशा। बुधवार को एक बार फिर अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई गई। यातायात विभाग और नगर पालिका अमले ने मिलकर शहर के मुख्य बाजार की सड़कों से अतिक्रमण हटाया।
मुख्य बाजार में व्यापारियों द्वारा सड़क पर कब्जा करके व्यापार किया जा रहा था, जिस कारण मुख्य बाजार में आए दिन जाम की स्थिति बनती थी, लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई होती थी।
कई व्यापारियों ने अपनी दुकान की आगे सड़क पर कब्जा करके सामान रखा हुआ था, 6 से 8 फीट तक सड़क को दबा रखा था। अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने व्यापारियों की दुकानों के सामने रखे सामान को हटवाया और व्यापारियों को आगे से सड़क पर समान नहीं रखने की हिदायत दी।
वहीं लोगो का कहना था कि कोतवाली थाने के आसपास ही लोगों ने सड़क पर कब्जा करके गुमटियां रखी हैं, उन्हीं के कारण यातायात जाम होता है। पुलिस उनके खिलाफ में कोई कार्रवाई नहीं करती।
यातायात प्रभारी निरपत लोधी ने बताया आज यातायात पुलिस और नगर पालिका के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बड़ा बाजार तिलक चौक, निकासा, माधवगंज चौराहे तक अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे सामान रखा था, जिस के कारण आए दिन यातायात जाम होता था। दुकानदारों का सामान सड़क पर से हटवाया गया। उसके साथ ही उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि आगे से सड़क पर सामान पाया जाता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।