चित्तौड़गढ़। एनपीएस की जगह यूनिफाइड पेंशन स्कीम का ऑप्शन देने के निर्णय का विरोध करते हुए ओपीएस को यथावत रखने तथा आगामी 1 अक्टूबर से विद्यालय समय में परिवर्तन के निर्णय को वापस लेने की मांग को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ (अम्बेडकर) के प्रदेश संरक्षक एवं सलाहकार सुरेश कुमार देशबन्धु के नेतृत्व में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष नरेन्द्र लोठ एवं महामंत्री सुरेशलाल खटीक ने बताया कि सरकार द्वारा एनपीएस की जगह यूपीएस के ऑप्शन का निर्णय लिया गया उसका समस्त शिक्षकों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। यूपीएस कभी भी पुरानी पेंशन का विकल्प नहीं हो सकता है। पुरानी पेंशन बहाली एक राष्ट्रीय अभियान है। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए राजस्थान में दी जा रही ओल्ड पेंशन को यथावत रखा जाने की मांग की गई साथ ही राजस्थान में बढ़ती गर्मी के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा आगामी 1 अक्टूबर से विद्यालय समय में परिवर्तन करने के लिये गये निर्णय को निरस्त करते हुए विद्यालय समय आगामी एक माह तक यथावत रखा जावे।
इस अवसर पर संभाग उपाध्यक्ष कमल कुमार मीणा, जोनसिंह मीणा, रामखिलाड़ी मीणा, शिव वैष्णव, दीपांजली सारस्वत, कौशल्या खटीक आदि उपस्थित रहे।