इंदौर। राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह और संगीत संध्या का आयोजन इंदौर के लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में वर्ष 2022 के लिए संगीत-निर्देशन के क्षेत्र में उत्तम सिंह और वर्ष 2023 के लिए पार्श्व गायन के क्षेत्र में सुश्री केएस चित्रा को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण प्रदान किया जाएगा।
आज और कल होने वाले इस समारोह में गीत-संगीत क्षेत्र की दो विभूतियों को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण से विभूषित किया जाएगा। मुख्य समारोह कल यानी 28 सितंबर को आयोजित होगा। इसमें गीत-संगीत संध्या की प्रस्तुति होगी। इसमें अलंकरण के बाद केएस चित्रा अपने कलाकारों के दल के साथ गीत-संगीत की प्रस्तुती देंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी होंगे। अध्यक्षता महिला सशक्तिकरण और बाल विकास केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर करेंगी। दोनों दिन समारोह शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, सांसद कविता पाटीदार और मेयर पुष्यमित्र भार्गव, स्थानीय विधायक गण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।