भोपाल। विंटर सीजन में राजा भोज एयरपोर्ट से 50 से ज्यादा फ्लाइट्स हो जाएंगी। इंडिगो के साथ ही एअर इंडिया एक्सप्रेस अपने ऑपरेशन्स की शुरुआत बेंगलुरू सहित करीब चार फ्लाइट्स के साथ करने की तैयारी में है। इनमें हैदराबाद, मुंबई व दिल्ली जैसे शहर शामिल हैं। हालांकि इंडिगो इन सभी शहरों के लिए पहले से ही फ्लाइट्स का संचालन कर रहा है।
अक्टूबर से राजा भोज एयरपोर्ट के 24 घंटे व सातों दिन खुलने लगेगा। खास बात यह है कि इसके बाद मेडिकल इमरजेंसी की नॉन शेड्यूल फ्लाइट्स कभी भी आवागमन कर सकेंगी। साथ ही फ्लाइट्स की संख्या दोनों ओर से 50 से ज्यादा होने सहित अन्य डेवलपमेंट की शुरुआत भी हो जाएगी। अभी भोपाल एयरपोर्ट से 32 फ्लाइट्स का संचालन हो रहा है। मालूम हो कि 27 अक्टूबर से विंटर सीजन की शुरुआत होगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार जो भी एयरलाइंस कंपनी देर रात या सुबह के समय अपनी फ्लाइट्स शुरू करना चाहेंगी, उनके लिए 5 एयरक्राफ्ट पार्किंग उपलब्ध करवा दी जाएंगी। यदि डिमांड आई तो इनकी संख्या में भी बढ़ोतरी की जा सकेगी। अभी करीब 3 से 4 नॉन शेड्यूल फ्लाइट्स के एयरक्राफ्ट की पार्किंग होती है।