आगर मालवा। शुक्रवार को आगर कृषि उपज मंडी में सोयाबीन की फसल की तुलाई को लेकर किसानों ने हंगामा कर दिया। किसान मंडी के मुख्य द्वार पर जमा हो गए और ट्रेक्टर बिच में खड़ा कर नारे बाजी करने लगे। किसान अपनी फसल छोटे काटे पर न तुलवाकर बड़े काटे पर तुलवाने की मांग कर रहे थे। किसानों का कहना था कि बारिश के कारण फसल गीली हो सकती है, छोटे काटे पर तुलवाने में समय ज्यादा लगता है।
वहीं हम्माल भी किसानों की मांग के विरोध में उतर गए और मंडी सचिव के पास पहुंचे। हम्मालों के मुताबिक, अगर बड़े काटे पर सोयाबीन की तुलाई होगी तो उन्हें रोजगार नहीं मिलेगा। करीब एक घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। इसके बाद मंडी प्रशासन ने मामले में हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाया। फिलहाल छोटे काटे पर ही सोयाबीन की तुलाई हो रही है।