हरदा। जिले में सेन समाज की एक मासूम के साथ हुई दरिंदगी को लेकर समाज में गुस्सा है। समाज के लोग शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी को शीघ्र पकड़ने के साथ उसका घर जमींदोज करने और फांसी देने की मांग की है। समाज के लोगो ने यातायात डीएसपी एचएम बाथम को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश के हरदा जिले में सेन समाज की एक मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। यहां एक दरिंदा पांच साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर नदी किनारे ले गया और वहां उसके साथ घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।
घटना के सामने आने के बाद परिजनों और सेन समाज के लोगों में भयंकर आक्रोश है। दरिंदगी के बाद से मासूम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सेन समाज ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि आरोपी को शीघ्र पकड़े और उसे फांसी दिया जाए।