शाजापुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के द्वारा रुशाजापुर जिले को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) अंतर्गत सर्वाधिक एएनसी चेकअप करने पर शाजापुर जिले को प्रशंसा पत्र मिला। प्रंशसा पत्र जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय साल्विया, डीपीएम श्री शैलेन्द्र सोनी, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी श्री अजीत सिंह पटेल ने प्राप्त किया।
सीएमएचओ डॉ. साल्विया ने बताया कि कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के मार्गदर्शन में सम्पूर्ण जिले में प्रतिमाह की 09 एवं 25 तारीख को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सिविल हास्पीटल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं का परीक्षण जिले के स्त्रीरोग विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है, जिसमें गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए उचित परामर्श, एएनसी चेकअप, हिमोग्लोबिन की जांच, निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा, खानपान की देखरेख आदि सुविधायें प्रदान की जाती है। साथ ही केन्द्र पर आने वाली गर्भवती महिलाओं को पोषक अल्पाहार भी संस्थाओं द्वारा प्रदान किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मैदानी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ता हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर्स पर पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ आफिसर, ए.एन.एम. द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में आनेवाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर जांच के लिए अभियान अंतर्गत उपरोक्त केन्द्रों पर भेजा जा रहा है। शाजापुर जिले में माह अप्रैल 2024 से सितंबर 2024 तक कुल 9046 गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप किया गया एवं उन्हें उचित परामर्श दिया गया। इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा शाजापुर जिले को प्रशंसा पत्र दिया गया है।