कसरावद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डलेश्वर सुनील कुमार जैन द्वारा सचिव एवं जिला न्यायाधीश सुजीत कुमार सिंह के साथ सब जेल कसरावद का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश के द्वारा सब जेल कसरावद के विभिन्न बैरक में निरुद्ध बंदीगण के रहन-सहन, खान-पान, साफ-सफाई, स्वास्थ्य, विधिक सहायता आदि विषयों के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने पाकशाला, गोदाम, मुलाकात, विधिक सहायता कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष आदि का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कसरावद न्यायाधीश विवेक जैन, न्यायाधीश इतिशा संघवी, सहायक जेल अधीक्षक धर्मवीर सिंह उमरैया, पैरा लिगल वॉलिंटियर आकिलखान, न्यायालय एवं जेल स्टाफ एवं बंदीगण उपस्थित रहे।