भोपाल। मध्य प्रदेश में 5 अक्टूबर तक मानसून की विदाई हो जाएगी, बारिश का स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव नहीं है। इस वजह से प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश का अलर्ट नहीं है। मंगलवार को उज्जैन, इंदौर समेत एक दर्जन से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं। ग्वालियर-चंबल में सबसे पहले इसकी विदाई का अनुमान लगाया है।
मध्य प्रदेश में 21 जून को मानसून एंटर हुआ था और अगले एक सप्ताह में पूरे प्रदेश में एक्टिव हो गया था। ग्वालियर-चंबल में यह सबसे लेट पहुंचा था, लेकिन विदाई इन्हीं जिलों में सबसे पहले होगी। प्रदेश में अब तक 44.1 इंच बारिश हो चुकी है, जो मानसून के सामान्य कोटे 37.3 इंच के मुकाबले 18ः अधिक है।
अगले 24 घंटे ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में उज्जैन, इंदौर, खरगोन, बड़वानी, धार, रतलाम, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, देवास, झाबुआ, अलीराजपुर में गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत बाकी जिलों में तेज धूप खिली रहेगी।