शाजापुर। भारतीय जनता पार्टी जिला शाजापुर की सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक सोमवार की शाम को जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी जीतू जिराती, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिसोदिया, ने संबोधित कर सदस्यता अभियान के आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सर्वप्रथम भारत माता, डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। जिला महामंत्री एवं सदस्यता अभियान के जिला संयोजक विजय सिंह बैंस ने अभी तक शाजापुर जिले में हुई सदस्यता की जानकारी से अवगत कराया एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु मंडल की योजना बनाई।
बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष जिराती ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे कई संगठन शिल्पियों ने भाजपा को विस्तार देकर संवारा है। संगठन शिल्पियों ने मध्यप्रदेश को भाजपा का गढ़ बनाया है। हम उनके बनाये आदर्शाे पर चलकर उनके सपनों को हम अपने मतदान केन्द्र पर साकार करेगें। हर घर तक भाजपा के विचार और सरकारों की उपलब्धियॉ पहुंचाना है। साथ ही हर बूथ पर हर जाति, वर्ग, व्यवसायी नागरिकों को भाजपा के सदस्य बनाना है। भारतीय जनता पार्टी संगठन और सरकार के माध्यम से समाज सशक्तिकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हमें अभी रुकना नहीं है और लोगों को पार्टी से जोड़ना है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी पार्टी है और अपने कामों की वजह से पहचानी जाती हैं। इसलिए हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है। लेकिन उन व्यक्तियों को जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को उनके पास तक जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने सदस्यता का जो लक्ष्य तय किया है उससे अधिक से अधिक भागीदारी कर शाजापुर को प्रदेश में शीर्ष स्थान पर लाना है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है इसलिए सभी कार्यकर्ताओ को मिलकर संगठन मजबूती के कार्य करना है। राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व ने जो सदस्यता अभियान का लक्ष्य दिया है उसे हम सभी को मिलकर पूरा करना है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सिसोदिया ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री दिनेश शर्मा ने किया तथा आभार जिला महामंत्री संतोष बराड़ा ने माना। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं जिला संयोजक उपस्थित थे।