नीमच। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का सपना देखा था जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने घर-घर तक पहुंचा दिया है। स्वच्छ एवं विकसित भारत के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होकर अपने कर्तव्य का पालन करना आवश्यक है। उक्त बात विधायक दिलीप सिंह परिहार ने जाजू कन्या महाविद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप कही। इस अवसर पर परिहार ने जाजू कन्या महाविद्यालय में शासन द्वारा संचालित संगीत एवं चित्रकला विभाग के उपकरणों के क्रय हेतु रुपए एक लाख विधायक निधि से देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति-गौरव चौपड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता को अपने स्वभाव में अपनाना होगा। उन्होंने छात्राओं को प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा कपड़े की थेलियों का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया।
समारोह का प्रारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ तथा संगीत विभाग की छात्राओं ने सरस्वती वंदना तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महाविद्यालय की जन भागीदारी समिति अध्यक्ष विजय बाफना ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि जाजू कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत वेस्ट से बेस्ट आकर्षक सामग्रियां बनाकर तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जो एक नवाचार किया है वह अत्यंत प्रशासनीय है।
समारोह के विशिष्ट अतिथि डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे ने भी छात्राओं को अपने शहर व देश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा, नगर पालिका के सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ, भाजपा कार्यकर्ता लोकेश चांगल भी मंचासीन थे।
कार्यक्रम में ष्व्यक्तित्व विकास एवं चरित्र निर्माणष् विषय पर आईएसबीएन अंको सहित महाविद्यालय द्वारा प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। समारोह के प्रारंभ में विधायक परिहार द्वारा महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ का उद्घाटन किया। इस प्रकोष्ठ में भारतीय संस्कृति एवं साहित्यिक ज्ञान से संबंधित विभिन्न पुस्तकों एवं पोस्टरो का प्रदर्शन किया गया। महाविद्यालय की लगभग 60 छात्राओं द्वारा डॉ. रश्मि हरित के नेतृत्व में वेस्ट से बेस्ट नवाचार के अंतर्गत बनाए गए विभिन्न कलाकृतियां एवं मॉडलों की प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया जिसकी अतिथियों ने सराहना की
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा डॉ. प्रियंका डलवानी के नेतृत्व में स्वच्छता का संदेश देने हेतु एक शानदार नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता पखवाड़े और महाविद्यालय के नवाचार की एक 5 मिनट की ऑडियो विजुअल कार्यक्रम का प्रोजेक्टर के माध्यम से अतिथियों व महाविद्यालय परिवार के सामने प्रसारण किया गया। ऑडियो विजुअल कंटेंट में महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. बिना चौधरी द्वारा प्रस्तुति दी गई।
उपस्थित अतिथिगणों ने छात्राओं व महाविद्यालय स्टाफ को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के बगीचे में अतिथियों द्वारा पौधा लगाकर हरित भारत का संदेश दिया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन.के. डबकरा ने आभार व्यक्त किया।