खरगोन। जिले की पंचायतों में आर्थिक अनियमितता, भ्रष्टाचार के मामले आए दिन सामने आ रहे है। जनसुनवाई में हर मंगलवार किसी न किसी गांव से ग्रामीण या खुद पंच अपनी पंचायतों में हो रही मनमानी, भ्रष्टाचार की शिकायत लेकर पहुंच रहे है।
मंगलवार को ग्राम बलकवाडा के ग्रामीणों ने पंचायत में मनरेगा, 15वां वित्त सहित स्वच्छ भारत के तहत हो रहे विकास कार्याे में भ्रष्टाचार कि शिकायत करते हुए जांच की मांग की है। उप सरपंच अफसरी बी, नईम खान, महादेव पटेल, कमलेश परदेशी, जितेंद्र परदेशी, फुलसिंग, हमीद खां आदि ने बताया कि पिछले दो साल से ग्राम सभा एवं पंचायत बैठक व निर्माण समिति में आज तक सचिव व सरपंच ने आय- व्यय की राशि का ब्यौरा नही दिया है। इसके अलावा 26 माह में 15वां वित्त की करीब 50 लाख रुपए की राशि आहरित कि गई है, जिसके बिल फर्जी है। इसकी शिकायत कई बार कि जा चुकी है लेकिन कोई संज्ञान नही लेने से मनमानी बढ़ती जा रही है। उपसरपंच एवं ग्रामीणों ने मांग की है कि कलेक्टर के निर्देशन में टीम गठित कर पंचायत में किए गए कार्याे की जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो।