नीमच। नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या से आमजन को संरक्षण प्रदान करने के लिए आज नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा के नेतृत्व में शहर वासियों द्वारा जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर की आम जनता नगर में के विभिन्न वार्डों में श्वानों की बढ़ती संख्या से परेशान है। आवारा कुत्ते झुंड बनाकर महिलाओं, वृद्धजनों व बच्चों पर हमला कर देते है। आमजन द्वारा इस संबंध में जन प्रतिनिधि, कर्मचारियों तथा अधिकारियों को शिकायत कर अवगत कराया जा चुका है किंतु उनके द्वारा सर्वाेच्च न्यायालय के प्रतिपादित सिद्धांतों, पशु क्रूरता अधिनियम के प्रावधानों तथा पशु प्रेमियों की आपत्ति का हवाला देकर वैधानिक कठिनाइयां बता दी जाती है। ज्ञापन में तीन सूत्रीय मांग करते हुए कहा गया है कि नगर पालिका क्षेत्र मंदसौर की तर्ज पर नगर पालिका नीमच क्षेत्र में भी धारा 144 का उपयोग करते हुए वैधानिक कार्रवाई के आदेश जारी किये जाए। आम नागरिकों की एक समिति गठित की जाए। कतिपय लोग नगर पालिका और आमजन द्वारा श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई पर धौंस देते हैं, ऐसे व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य और सभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।