सिंगोली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मध्यप्रदेश के सभी जिलों के चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में प्रसव प्रतीक्षालय का शुभारंभ किया गया। प्रसव प्रतीक्षालय का मुख्य उद्देश्य मातृ मृत्यु दर तथा शिशु मृत्यु दर को कम करना व गर्भवती महिलाओं को उचित सुविधा प्रदान करना है। नए प्रसव प्रतीक्षालय में 6 बेड की सुचारू रूप से व्यवस्था लागू की गई, जिसमें रोगी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रसव प्रतीक्षालय का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन,भाजपा जिला महामंत्री अशोक विक्रम सोनी द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ इतेश व्यास, महिला एवं प्रसूति प्रभारी डॉ. सलोनी शर्मा व्यास, डॉ राहुल सिंह, डॉ भुवन जैन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे।