भोपाल। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों और समस्याओं के निराकरण के लिए गांधी जयंती से सत्याग्रह की राह पकड़ ली है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र शर्मा के आव्हान पर प्रदेश के सभी 55 जिलों में लघु वेतन कर्मचारियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सफाई अभियान चलाया। गांधी प्रतिमाओं के सामने श्रघुपति राघव राजा रामश् की धुन भी गाई गई।
संघ के अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी ने तय किया है कि अब हम गांधीवादी तरीकों से अपनी मांगें पूरी कराएंगे। आंदोलन की आगामी रणनीति के तहत सभी महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि पर गांधीवादी तरीके से अपनी मांगें शासन के समक्ष रखेंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार को भोपाल में सफाई अभियान चलाया गया। इस मौके पर पुरानी विधानसभा भवन स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रघुपति राघव राजा राम धुन गाई गई।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांत अध्यक्ष एसबी सिंह, संघ के वरिष्ठ कर्मचारी नेता निहाल सिंह जाट, जिला शाखा अध्यक्ष राम कुंडल सेन, शिक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, लोक निर्माण विभाग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के साथ सभी विभागीय समिति के अध्यक्ष उपस्थित थे।