दमोह। जिले के जबेरा विधानसभा क्षेत्र में आने वाले संग्रामपुर में 5 अक्टूबर को मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक होने जा रही है इस दिन वीरांगना रानी दुर्गावती की 501वीं जयंती भी है।
गुरुवार को तैयारियों जायजा लेने संग्रामपुर पहुंचे मध्य प्रदेश के पंचायत एवं सामाजिक न्याय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल और प्राचीन किले का भ्रमण किया। उनके साथ प्रदेश के पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल, पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के अलावा कई जनप्रतिनिधि भी शामिल थे।
मंत्री पटेल बोले- इससे बड़ी श्रद्धांजलि और कुछ नहीं
आयोजन की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री पटेल ने कहा कि 1 साल पहले रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती के मौके पर जबलपुर में कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया था। इस बार हम तीनो मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और लखन पटेल ने कैबिनेट में प्रस्ताव रखा था कि इस 501वीं जयंती के मौके पर यदि कैबिनेट की बैठक सिंगोरगढ़ में होती है तो यह वीरांगना रानी दुर्गावती के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उनकी बात का मान रखा और संग्रामपुर में कैबिनेट बैठक को मंजूरी दे दी।
मंत्री पटेल ने कहा कि ऐसी ऐतिहासिक घटना बहुत कम होती है। यह उन ऐतिहासिक घटनाओं में से एक है कि जहां देश के राष्ट्रपति आए और अब वहां प्रदेश की कैबिनेट बैठक होने जा रही है। संग्रामपुर वीरांगना रानी दुर्गावती की पहली राजधानी है जहां पर प्रदेश की कैबिनेट उनके चरणों में बैठकर राज्य के हित का विचार करेगी।
कलेक्टर सुधीर कोचर ने बचाया बताया कि बैठक से जुड़ी सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। यहां पांच चरण का आयोजन होगा जिसमें रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा, उसके बाद कैबिनेट की बैठक होगी फिर पौधारोपण किया जाएगा फिर जनसभा होगी और फिर सभी अतिथि प्राचीन किले का भ्रमण करेंगे।
सभी स्थानों पर व्यवस्थाएं हो चुकी है। वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि जो भी मार्गदर्शन दे रहे हैं उनके निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है, ताकि इस आयोजन को भव्य और गौरवशाली बनाया जा सके।