विदिशा। जिला मलेरिया अधिकारी विदिशा के नेतृत्व में कार्यालय की काम्बेट टीम द्वारा डेंगू की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में आज विदिशा शहर के टीलाखेड़ी, बेसदरवाजा, तलैया मोहल्ला, रायलसिटि, मुखर्जीनगर एवं करैयाखेड़ा तथा गंजबासौदा के वार्ड क्र-8 में 260 घरों में लार्वा सर्वे किया गया है, जिसमें 19 घरों में लार्वा पाया गया।
उपरोक्त गतिविधि के अंतर्गत लार्वा सर्वे कार्य कर शहर के वार्डों में कीटनाशक दवा का छिड़काव, फॉगिंग कार्य किया गया तथा डेंगू से बचाव संबंधी स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से जनसमुदाय को अवगत कराया गया कि वह अपने घर एवं घर के आस-पास में पानी एकत्रित ना होने दें टायर, गमले, कूलर, पानी की टंकी की नित्य सफाई करें तथा मच्छरदानी का उपयोग करें तथा फुल अस्तीन के कपड़े पहने और अपने आस-पास मच्छर पनपने ना दें।
जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा बताया गया कि आज शुक्रवार को प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार डेंगू के 77 सेम्पल लिये गए जिसमें 08 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाये गए हैं। जिला चिकित्सालय में 06 एवं मेडिकल कालेज में 07 मरीज भर्ती हैं जिनकी स्थिति सामान्य है।