रतलाम। जिले के जावरा स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में अतिरिक्त रूप से भवनों का निर्माण तथा अन्य आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे, जो रिडेंसीफिकेशन योजना के अंतर्गत होंगे। पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा कलेक्टर राजेश बाथम द्वारा कलेक्ट्रेट में की गई।
समीक्षा में बताया गया कि जावरा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास 21 हेक्टेयर के लगभग भूमि उपलब्ध है। इनमें से लगभग 10 हेक्टेयर भूमि का निवर्तन करके कॉलेज के लिए अतिरिक्त रूप से शैक्षणिक भवन, अतिथि भवन, हॉस्टल निर्माण किए जाएंगे, जिसकी नोडल एजेंसी हाउसिंग बोर्ड रहेगा।
बैठक में कलेक्टर बाथम ने निर्देश दिए कि पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में कर्मचारियों के लिए आवासों के निर्माण की भी योजना बनाते हुए एस्टीमेट तैयार किया जाए जिसकी स्वीकृति पश्चात निर्माण किया जाएगा। बैठक में जावरा पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य हाउसिंग बोर्ड के प्रभारी कार्यपालन यंत्री सिसोदिया, पीडब्ल्यूडी एसडीओ पीके राय, टीएनसीपी के सहायक संचालक एमएल वर्मा, आदि उपस्थित थे।