शाजापुर। राजस्व अधिकारी, नक्शा शुद्धिकरण कार्य की पेंडेंसी योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर खत्म करें। नक्शा दुरस्तीकरण का कार्य पटवारियों से प्राथमिकता के साथ कराएं। नए पटवारियों को प्रशिक्षण दें। साथ ही कार्य नहीं करने वाले पटवारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करें। उक्त निर्देश कलेक्टर ऋजु बाफना ने आज राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिये। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर मनीषा वास्कले, संयुक्त कलेक्टर सत्येन्द्र प्रसाद सिंह सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
कलेक्टर बाफना ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे आने वाले त्योहारों को देखते हुए मुख्यालय पर रहें। साथ ही अधिनस्थ पटवारियों को भी मुख्यालय पर रहने के निर्देश दें। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिये कि वे अपना सूचना तंत्र विकसित करें। पटवारियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की गतिविधियां लगातार प्राप्त करें। बैठक में कलेक्टर ने न्यायालयवार नामांतरण, बटवारा एवं सीमांकन के निराकृत एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि नामांतरण एवं बटवारे के 90 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण अनिवार्यतरू होना चाहिये। रीडर लॉगिन पर लंबित आरसीएमएस प्रकरणों का त्वरित निराकरण कराएं और पेंडेंसी जीरो करें। ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के खेत पर जाने के रास्ते के प्रकरणों का निराकरण करें। रास्ता नहीं होने के कारण किसी भी किसान की फसल खराब नहीं होना चाहिये। बैंक वसूली एवं अन्य विभागों से प्राप्त आरआरसी प्रकरणों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। प्रधानंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत किसानों की केवायसी पेंडिंग को समाप्त करें। इस मौके पर कलेक्टर ने नक्शा शुद्धिकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी राजस्व अधिकारी योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर पेंडेंसी खत्म करें। कलेक्टर ने कहा कि गौशाला की चरनौई भूमि से राजस्व अधिकारी प्राथमिकता के साथ अतिक्रमण हटवाएं। इसके अलावा राजस्व अधिकारी शासकीय भूमि से भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। इस मौके पर अभिलेख शुद्धिकरण, वेब जीआईएस पर दर्ज प्रकरण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण, न्यायालयों में प्रचलित प्रकरणों की कलेक्टर ने समीक्षा की।
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि जल निगम द्वारा किसानों के खेतों से पाईपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य प्राथमिकता का है अतरू सभी राजस्व अधिकारी सरपंच एवं किसानों को पाईपलाइन बिछाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। फसल बीमा एवं सोयाबीन खरीदी के संबंध में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को मण्डी के व्यापारियों के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिये।