खरगोन। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में 04 अक्टूबर को सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय सहायता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के उद्यमियों से चर्चा की गई और उनकी समस्याओं को सुना गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश सिंह, अग्रणी बैंक प्रबंधक एसएस सोलंकी, जिला उद्योग केन्द्र के सहायक प्रबंधक धंनजय शुक्ला एवं उद्यमी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उद्यमियों को पूंजीगत निवेश का 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान है। जिले में 17 उद्यमियों द्वारा 42 करोड़ 75 लाख रुपये का निवेश किया गया है। बैठक में जिले में उपलब्ध संसाधनों पर आधारित उद्यम लगाने की आवश्यकता बताई गई। कलेक्टर शर्मा ने उद्यमियों से कहा कि जिले में उपलब्ध कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों पर आधारित अधिक से अधिक उद्योग लगाएं। इससे जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिला प्रशासन उद्यमियों को हर संभव मदद करेगा। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि अपने ईकाई में सौर ऊर्जा का उपयोग करने के लिए सौलर पैनल लगाए।
बैठक में जिले में नवीन औद्योगिक निवेश, औद्योगिक सुरक्षा एवं उद्यमियों से संबंधित अन्य विषयों पर चर्चा की गई। उद्यमियों द्वारा उद्यम लगाने के लिए भूमि की मांग के संबंध में भी अवगत कराया गया।