झाबुआ। कृषि प्रधान देश भारत में, कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के संकल्प को लेकर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना 24 फरवरी 2019 को प्रारम्भ की गई जिसमें प्रति पात्र परिवार को प्रति वर्ष 2000 रुपये की 03 समान किश्तों में 6000/- की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वाशिम महाराष्ट्र में पीएम किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त देशभर के 9.5 करोड़ से अधिक किसानो के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 20000 करोड से अधिक की राशि का अंतरण किया गया।
जिले में कार्यक्रम का लाईव प्रसारण कलेक्टर नेहा मीना की उपस्थिति में कृषि विज्ञान केन्द्र झाबुआ में देखा गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के 1.26 लाख से अधिक किसानो को 25 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण किया गया। जैसा की विदित है योजना में पात्र होने के लिए कृषकों को ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। जिले में वर्तमान में 98 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है, जिससे जिले की रैंकिंग प्रदेश स्तर पर शीर्ष पांच स्थान के अंदर है, उक्त कार्य की पूर्णता हेतु कलेक्टर नेहा मीना के मार्गदर्शन में समय समय पर शिविर का आयोजन कराया गया, जिससे अधिक से अधिक कृषक लाभान्वित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर नेहा मीना द्वारा उपस्थित किसानो से चर्चा की गयी कि किसान बन्धु के द्वारा कौन सी फसल बोयी गयी, कितना रकबा है, साथ ही कौन सी पद्धति से बोआई एवं सिंचाई की जाती है। एक कृषक बन्धु द्वारा अनुभव सांझा किये गये कि मेढ़ नाली पद्धति से कृषि करने पर लाभ प्राप्त हुआ, कलेक्टर द्वारा उन्हे अन्य किसानो भाईयो को प्रेरित करने के लिए कहा गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मीना द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही किसान बंधुओं को सब्जी के बीज का भी वितरण किया गया एवं कृषि महाविद्यालय इंदौर की छात्राएं एक्सपोजर विजिट के दौरान झाबुआ आने पर कलेक्टर नेहा मीना द्वारा चर्चा की गई। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओम शर्मा, जनपद सदस्य बहादुर सिंह हटीला,अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सत्यनारायण दर्राे, उपसंचालक किसान कल्याण विभाग झाबुआ नगीन रावत, पवन कुमार वास्केल अधीक्षक भू-अभिलेख झाबुआ, सुनील डावर तहसीलदार झाबुआ , जनप्रतिनिधि सत्यम यादव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।