बुरहानपुर। जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय सलाहकार समिति की जून तिमाही, 2024 की विशेष बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर भव्या मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित रोजगारमूलक योजनाओं की विस्तृत रूप से समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने समस्त शासकीय योजनाओं के अंतर्गत आने वाले ऋण संबंधी योजनाओं की गहनता से समीक्षात्मक जायजा लिया। उन्होंने बैंकों को पीएमएफएमई योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत आने वाले ऋण प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर मित्तल ने बैंकों को समस्त योजनाओं के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरण एवं एसएचजी, सीसीएल के लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निराकरण के निर्देश दिये। बैठक मे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया भोपाल से एलडीओ राम नागर, एलडीएम महावीर सिंह राय, आरसेटी डायरेक्टर गोपाल कृष्ण गोखले, सभी बैंकों के जिला समन्वयक एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।