चित्तौड़गढ़। नवरात्रि के चौथे दिन रविवार को सुबह से ही शक्तिपीठों पर भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर में नवरात्रि और रविवार होने के चलते काफी भीड़ देखी गई है। रविवार को पूरे दिन भक्तों की भीड़ रहेगी। इस दौरान चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी भी सुबह पदयात्रा करते हुए कालिका माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के लिए खुशहाली की मांग की।
सुबह से लगी लंबी लाइन
नवरात्रि का पर्व 3 अक्टूबर से शुरू हो चुका है। चौथे दिन भी शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नवरात्रि के अलावा भी रविवार का दिन होने के कारण कालिका माता मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। मंगला आरती के समय से ही मंदिर के बाहर लंबी लाइन देखी गई है।
दुर्ग पर मेले जैसा माहौल
इस दौरान दुर्ग पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। रविवार के चलते भक्तों के दर्शन का यह क्रम पूरे दिनभर यूं ही चलता रहेगा। एकलिंग नाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से यहां पर भक्तों के लिए पानी और छाया की व्यवस्था भी की गई है। जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने यहां प्रसाद वितरण किया।
सुबह 5 बजे शुरू की पदयात्रा
चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने भी सुबह 5 बजे पाडन पोल से कालिका माता मंदिर तक पैदल यात्रा की। उन्होंने यहां होने वाली सुबह 6 की आरती में भाग लिया। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। सांसद जोशी ने कहा कि हर साल की तरह मां के द्वारा तक आज भी पदयात्रा की है। क्षेत्र में खुशहाली और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि की भी कामना की है।