भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा में एक प्रेरणादायक नवाचार की शुरुआत करते हुए प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सर्वाधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थी को विशेष रूप से सम्मानित करने की पहल की है, जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति पूरे शैक्षणिक सत्र 2024-25 में सर्वाधिक रहेगी, उनकी शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पूरी फीस प्राचार्य डॉ. सोलंकी स्वयं भरेंगे। इस निर्णय का उद्देश्य कॉलेज में विद्यार्थीयों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए सकारात्मक और नवाचार पहल हेतु विद्यार्थियों में अनुशासन, नियमितता और शिक्षा के प्रति समर्पण को बढ़ावा देना है। प्राचार्य डॉ. सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक सफलता के लिए उनकी नियमित उपस्थिति अत्यंत महत्वपूर्ण है। सर्वाधिक उपस्थिति न केवल अनुशासन का प्रतीक है, बल्कि यह विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति उनकी गंभीरता को भी दर्शाता है। इस पहल के माध्यम से हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी अपनी शिक्षा को प्राथमिकता दें और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। हमारे महाविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करने साथ-साथ विद्यार्थियों को अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से भी जोड़ना है। इस महत्वपूर्ण घोषणा के बाद विद्यार्थियों ने प्राचार्य डॉ. सोलंकी के प्रति आभार व्यक्त किया और इस नवाचार से प्रेरित होकर भविष्य में सर्वाधिक उपस्थिति का संकल्प लिया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी प्रो सोहन गुर्जर द्वारा दी गई।