सिंगोली। वन विभाग द्वारा सोमवार को सिंगोली क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में स्कूली बच्चों के बीच वन्य जीव संरक्षण सप्ताह मनाया। इस दौरान विद्यालयों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को वन्य जीवों की रक्षा के लिए प्रेरित किया गया।
डिप्टी रेंजर मांगीलाल प्रजापत ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के आदेश और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार वन कर्मियों ने वन्य जीव संरक्षण सप्ताह मनाते हुए जहां क्षेत्र के ग्राम जेतलिया, कोज्या, उमैदपुरा और पटियाल आदि विद्यालयों में जाकर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए स्कूली बच्चों को वन्य जीव संरक्षण की शपथ दिलाई। वहीं ग्रामीणों के बीच संध्याकालीन रैलियां निकालकर उन्हें सुरक्षात्मक तरीके से वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।
इस मौके पर ग्राम जेतलिया में डिप्टी रेंजर मांगीलाल प्रजापत उपस्थित रहे। जबकि अन्य स्थानों पर सिंगोली डिप्टी रेंजर बापूलाल दायणा, वनरक्षक मदनलाल नागर, सदाशिव धाकड़, भूपेंद्र बैरागी और अमित जैन आदि मौजूद थे।
आपको बता दें कि देश में 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक वनस्पतियों और जीवों की रक्षा और संरक्षण के उद्देश्य से वन्य जीव संरक्षण सप्ताह मनाया जाता है। देश में पहली बार 1957 में वन्यजीव सप्ताह मनाया गया था।