भोपाल। अतिवृष्टि की वजह से भोपाल के बैरसिया-हुजूर के करीब 100 गांवों में सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई। ऐसे में किसान फसल सर्वे करने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को कई किसान विधायक रामेश्वर शर्मा से मिलें। वहीं, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने भी कई गांवों में पहुंचकर फसल के बारे में जानकारी ली।
अतिवर्षा की वजह से सोयाबीन सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। इसके चलते कलेक्टर सिंह रातीबड़ रोड और सीहोर रोड के गांवों में पहुंचे। इससे पहले किसानों ने विधायक शर्मा से युवा सदन पहुंचकर चर्चा की। जिस पर विधायक शर्मा ने कलेक्टर से परीक्षण को लेकर चर्चा की।
चर्चा के बाद कलेक्टर सिंह और एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया मुंडला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने चौपाल में बैठकर ग्रामीणों से फसल सहित अन्य समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। कलेक्टर सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही किसानों की सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा।
सर्वे की मांग उठा चुके विधायक, जिपं सदस्य
भोपाल जिले में इस बार औसत 51 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। बैरसिया इलाके में आंकड़ा 60 इंच से ज्यादा हो गया। इसके चलते यहां फसलें प्रभावित हुई है। किसान सर्वे की मांग कर रहे हैं। ताकि, मुआवजा मिल सके। विधायक विष्णु खत्री, जिपं सदस्य विनय मेहर कलेक्टर को सर्वे कराने के लिए पत्र लिख चुके हैं। सोमवार को हुजूर विधायक शर्मा ने भी यह मांग की।
श्खेतों में पानी भरा, दाना अंकुरित हो गयाश्
जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर ने बताया- बैरसिया में अच्छी बारिश हुई है। इस वजह से सोयाबीन की फसल अतिवृष्टि की चपेट में आ गई। अभी भी सैकड़ों खेतों में पानी भरा है। इससे फसल 70 प्रतिशत तक बर्बाद हो गई है। दाना अंकुरित हो गया है। जिसकी कीमत किसान को नहीं मिलेगी। खुद खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी है।
इन गांवों में ज्यादा असर
खितवास, जूना पानी, बागापुरा, निदानपुर, चाटाहेड़ी बबचिया, तलैया शाह, बरखेड़ा याकूब, डूंगरिया, धतुरिया, दोहाया, सोहाया आदि गांवों में अतिवृष्टि का असर ज्यादा है।