नर्मदापुरम। जिले के केसला के ग्राम कोहरा गांव में एक आदिवासी किसान की बेरहमी से हुई हत्या को दो दिन बीत चुके हैं। पुलिस की तीन टीमें आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई हैं। लेकिन अब तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। मृतक कमलकिशोर धुर्वे, पत्नी, भाई व अन्य परिचितों के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाल पुलिस जांच कर रही है
दरअसल, 6 अक्टूबर रविवार सुबह फॉरेस्ट नर्सरी मार्ग पर पगडंडी पर किसान की लाश खून से लथपथ हालत में मिली थी। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान ग्राम कोहरा निवासी कमलकिशोर धुर्वे के रूप में की। सूचना पर परिजन व केसला थाना प्रभारी श्रीनाथ झरबड़े स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस को मौके पर मृतक का सिर, गर्दन, जबड़ा फटा हुआ मिला। उसके हाथ में टॉर्च रखी मिली। जिसे लेकर वो घर से खेत के लिए निकला था। आसपास खून का ढेर लगा हुआ था। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एलएसएल अधिकारी रिषिकेश यादव ने निरीक्षण किया था। एएसपी आशुतोष मिश्रा व एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
थाना प्रभारी श्रीनाथ झरबड़े ने बताया कि मृतक कमलकिशोर धुर्वे 5 अक्टूबर शनिवार रात करीब 9 बजे भोजन खाने के बाद घर से खेत के लिए निकला था। रविवार सुबह ग्रामीणों को उसका शव फॉरेस्ट नर्सरी रोड पर मिला।
मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली रहे, विवाद की वजह नहीं आई सामने
एएसपी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी, देवर का कहना है कि हमें दूसरों के माध्यम से जानकारी मिली कि कमलकिशोर की मौत हो गई। मामले की जांच के लिए एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह के निर्देशन तीन टीमें बनाई है। मृतक की आखिरी बार किन-किन से बातचीत हुई। इसके लिए पत्नी, मृतक का भाई व परिजन व परिचितों के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाल रहे हैं। किसी से उसके विवाद या दुश्मनी की बातें भी सामने नहीं आई है।