सिंगोली। चुनाव से पूर्व शिवराज सरकार द्वारा दिव्यांगो से किया गया पेंशन वृद्धि का वादा पूरा न होने पर दिव्यांग ज्योति संस्थान की सिंगोली तहसील इकाई के सदस्यों ने मंगलवार को एक बार फिर पेंशन वृद्धि की मांग को लेकर सिंगोली तहसीलदार को ज्ञापन दिया है। दिव्यांगों का दावा है कि इस बार भी मुख्यमंत्री ने वादा खिलाफी की तो अगले माह भोपाल स्थित नीलम पार्क में साकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
मंगलवार देर शाम इस आशय की जानकारी देते हुए दिव्यांग ज्योति संस्थान के नीमच जिला अध्यक्ष रामप्रसाद बलदेवा ने बताया कि गत विधानसभा चुनाव से पूर्व शिवराज सरकार ने दिव्यांगों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि करते हुए 600 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए मासिक देने का वादा किया था। लेकिन अब तक 11 माह बीत जाने के बाद भी मोहन यादव सरकार ने दिव्यांगों की पेंशन राशि बढ़ाने पर कोई ध्यान नहीं दिया। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे क्षेत्र के दिव्यांगों ने जिला अध्यक्ष रामप्रसाद बलदेवा के नेतृत्व में, तहसील कार्यालय जाकर नारेबाजी करते हुए तहसीलदार राजेश सोनी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में शीघ्र मांग पूरी न होने पर आगामी 21 नवंबर को भोपाल स्थित नीलम पार्क में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन के दौरान दिव्यांग ज्योति संस्थान के जिला अध्यक्ष और तहसील इकाई अध्यक्ष सहित ग्रामीण क्षेत्र आए दिव्यांगजन उपस्थित थे।