भोपाल। शहर के अयोध्या बायपास स्थित गीत बंगलो फेस 5 कॉलोनी में 18 वां नवरात्रि उत्सव मनाया जा रहा है, इस बार यहां माता रानी का दरबार मधुबनी पेंटिंग थीम पर सजाया गया है। मंगलवार को पंडाल में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई, इसमें जूनियर और सीनियर दो वर्ग के बच्चों ने भाग लिया।
गीत बंगलो दुर्गा उत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि कॉलोनी के निर्माण के बाद से हर साल शारदीय नवरात्र में देवी मां की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जिसमें समस्त कॉलोनी वाले सहयोग करते हैं. हर साल माता रानी के पंडाल को अलग राज्य की संस्कृति के साथ सजाया जाता है।
पिछले साल बंगाली थीम पर पंडाल सजाया गया था. इस बार माता रानी का दरबार मधुबनी आर्ट थीम पर सजाया गया है. पंडाल में भक्तों को मधुबनी आर्ट में माता रानी के 31 स्वरूपों के दर्शन होते हैं.।
रात्रि जागरण में जमकर झूमे श्रद्धालु
परिसर में जागरण व भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें म्यूजिकल टीम ने माता के भजन गाए। डांडिया व गरबा सहित माता रानी के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमे। उत्सव समिति के समर्थ और पार्थ गोंडल ने बताया कि नवरात्रि के 9 दिन में यहां रोज अलग-अलग कार्यक्रम होते हैं। जिसमें प्रमुख रुप से गरबा, लेमन रेस, चेयर रेस, भजन संध्या, पेंटिंग-चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। अष्टमी को हवन के बाद दसवीं को भंडारा किया जाएगा।