भोपाल। प्रदेशभर में शिक्षक अपने चहेते नेता आरिफ अंजुम को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अंजुम का 7 अक्टूबर को दमोह में हृदयगति रुकने से निधन हो गया है। अंजुम शासकीय शिक्षक संगठन के संस्थापक सदस्य, पूर्व अध्यक्ष एवं संगठन के प्रांतीय संयोजक थे। शिक्षकों ने उनके निधन पर दुख जताया।
संगठन ने प्रदेशभर में शोकसभा आयोजित कर अंजुम को श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया था। इसका पालन करते हुए संगठन की जिला इकाई शहडोल, अनुपपुर, विदिशा, दमोह, छतरपुर, रायसेन, भोपाल सहित अन्य जिलों में शिक्षकों ने अपने-अपने स्कूलों, संकुल, विकास खंड और जिला कार्यालयों में शोक सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी है। शिक्षकों ने कहा कि उन्होंने एक अच्छा मार्गदर्शन, शुभचिंतक और जुझारू नेता खो दिया है।
संगठन के पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आरिफ भाई की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। हम सब उनके बताए रास्ते पर चलकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। वे एक कुशल विश्लेषक थे, उनकी विश्लेषण क्षमता अद्भुत थी, दूसरे संगठन के लोग भी उनकी इज्जत एवं सम्मान करते थे।
दमोह के मानस भवन में श्रद्धांजलि सभा
दमोह के मानस भवन में आयोजित नेशनल अचीवमेंट सर्वे की कार्यशाला के दौरान अंजुम को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर सागर के संभागीय आयुक्त, संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जिला शिक्षा अधिकारी दमोह, जिला परियोजना समन्वयक दमोह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दमोह सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित थे।