भोपाल। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने केंद्र सरकार की ग्राम स्वराज योजनाओं के क्रियान्वयन पर फोकस करने स्टेट ऑपरेशन कमेटी (राज्य संचालन समिति) गठित की है। यह कमेटी ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत योजनाओं की निगरानी करेगी।
राज्य शासन ने भारत सरकार, पंचायती राज मंत्रालय की राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) योजनाओं पर अमल के लिए यह कमेटी बनाई है। इसके अंतर्गत योजना के कार्यान्वयन के लिए रणनीति और नीति तैयार करने, योजना की निगरानी करने और हर लेवल पर पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का काम किया जाएगा। इस समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे।
ये अधिकारी शामिल रहेंगे समिति में
इस समिति में कृषि उत्पादन आयुक्त, अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण, प्रमुख सचिव समाजिक न्याय एवं निरूशक्तजन कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, वित्त, संचालक पंचायती राज, महानिदेशक या संचालक राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (एसआईआरडी), अपर संचालय या संयुक्त संचालक पंचायती राज संचालनालय, समिति अध्यक्ष के अनुमोदन से दो विशेष आमंत्रित व्यक्ति सदस्य होंगे। अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास समिति में सदस्य सचिव होंगे।
राम पथ गमन कमेटी भी बना चुके हैं सीएस
इसके पहले सीएस जैन ने चित्रकूट से भगवान राम के लंका जाने के दौरान मध्यप्रदेश की सीमा में पड़ने वाले पदचिन्ह स्थलों के विकास के लिए भी कमेटी बनाई है। श्री राम पथगमन कमेटी में किए जाने वाले कामों और उनकी प्लानिंग को लेकर इस कमेटी द्वारा निर्णय लिए जाएंगे। इसको लेकर बनाए न्यास के अध्यक्ष मुख्यमंत्री हैं।