हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक की। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जल जीवन मिशन की अधुरी पेयजल योजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण करने और पूरी हो चुकी पेयजल योजनाओं को चालू कर पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पवन सुत गुप्ता को निर्देश दिए कि पेयजल पाइपलाइन के लिए जहां-जहां सड़क खोद दी गई हैं। उन्हें तत्काल सही कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही पानी की टंकी निर्माण के लिए जहां-जहां भूमि की आवश्यकता है, उसके प्रस्ताव भेजे जाएं। ताकि, भूमि का आवंटन किया जा सके।
धीमी गति से कार्य करने वाले ठेकेदारों को करें ब्लैक लिस्ट
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सविता झानियां भी उपस्थित थी। कलेक्टर सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि पानी की टंकियों की नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि जो ठेकेदार निर्माण कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं, और धीमी गति से कार्य कर रहे हैं। उन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाए।
इस दौरान कार्यपालन यंत्री गुप्ता ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के 98 हजार परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया जाना है। जिसमें से 81 हजार परिवारों को कनेक्शन दिया जा चुका है।
शेष का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि हरदा जिले में 4310 हैंडपंप चालू स्थिति में है। वहीं 458 ग्राम में नल जल योजना स्वीकृत हैं, जिसमें से 230 में कार्य पूर्ण हो चुका है और 228 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है।
कार्यपालन यंत्री गुप्ता ने बताया कि पूर्ण कुल 230 नल जल योजनाओं में हरदा विकासखण्ड की 82, खिरकिया की 88 तथा टिमरनी विकासखण्ड की 60 नल जल योजना शामिल है। इनमें से 184 नल जल योजनाएं पंचायतों को हस्तांतरित हो चुकी हैं। जिनमें हरदा विकासखण्ड की 64, खिरकिया की 74 तथा टिमरनी विकासखण्ड की 46 नल जल योजना शामिल है।