मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता के सक्रिय प्रयास से कृषि उपज मंडी में जहां मूंगफली की नीलामी की शुरूआत हुई और एक सप्ताह में ही उसके बहुत अच्छे परिणाम सामने आए हैं। मंदसौर कृषि उपज मंडी में इतने कम समय में करीब 10 हजार बोरी की आवक शुरू हुई। वहीं पिछले दिनों सांसद गुप्ता ने जिला अधिकारियों एवं मंडी सचिव के साथ कृषि उपज मंडी के विस्तार को लेकर नई भूमि का निरीक्षण किया था और कुछ स्थानों को चिन्हित भी किया था। परिणाम स्वरूप कृषि उपज मंडी के सामने ही होमगार्ड के समीप 1.84 हेक्टेयर भूमि प्रशासन ने कृषि उपज मंडी को देने का निर्णय कर लिया है। साथ ही इसके लिए कमेटी गठित की गई है जो जल्द ही भूमि का सीमांकन कर मंडी कमेटी को सौंप देगी। यहां पर मंडी समिति फल व अन्य कृषि उपज की नीलामी के लिए उपलब्ध कराएगी। जहां मंदसौर जिले की फल उत्पादकों को ना सिर्फ एक नया और बड़ा बाजार उपलब्ध होगा बल्कि क्षेत्र के व्यापार में भी बढोतरी होगी। इसी के साथ ही रोजगार के नवीन अवसर भी उपलब्ध होंगे।
सांसद गुप्ता ने कहा कि आगामी दिनों में लहसुन मंडी के लिए एक अलग से अन्य स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। चूंकि लहसुन क्षेत्र की एक पहचान है और इसकी अतिरिक्त मंडी होने से क्षेत्र में नए व्यापार के माध्यम से इसके नए उत्पाद भी शुरू किए जा सकेंगे। वहीं किसानों को भी अपनी उपज का उचित मूल्य के साथ सुविधा मिलेगी।