भोपाल। मध्यप्रदेश के अतिथि शिक्षक अब जेल भरो आंदोलन करेंगे। इसकी रणनीति बनाने के लिए गुरुवार को भोपाल में मीटिंग होगी। उनकी नियमितिकरण की मुख्य मांग है। वे पदाधिकारियों और अतिथि शिक्षकों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग भी करेंगे।
अतिथि शिक्षक संघ के बैनर तले भोपाल में 2 अक्टूबर को बड़ा प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। प्रदर्शन करने पर पुलिस ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष केसी पंवार, संगठन से जुड़े बीएम खान, मुकेश जोशी और संतोष के खिलाफ नामजद और करीब ढाई सौ अन्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की थी।
आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे
संगठन से जुड़े और अतिथि शिक्षक रविकांत गुप्ता ने बताया, नियमितिकरण की मांग को लेकर अतिथि शिक्षक संघ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाएगा। इस विषय पर भी भोपाल में गुरुवार को होने वाली मीटिंग में चर्चा की जाएगी। इसमें पूरे प्रदेश के पदाधिकारी शामिल होकर चर्चा करेंगे।
लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं अतिथि शिक्षक
नियमितिकरण समेत 5 मांगों को लेकर अतिथि शिक्षक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले एक महीने में दो बड़े प्रदर्शन हो चुके हैं। जिसमें एक प्रदर्शन में लाठीचार्ज भी हो चुका है। बावजूद अतिथि शिक्षक अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।