रीवा। मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर रायपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रौरा में ग्रामीण धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीण अखिल भारतीय नौ जवान सभा और क्षेत्रीय संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में सड़क, बिजली और आवारा मवेशियों सहित अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
अधिकारियों ने अनशन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी थी, लेकिन अनशनकारी अपनी मांगों को लेकर अडिग रहे।
जिला पंचायत वार्ड 15 के सदस्य लालमणि ने बताया कि गुढ़ ग्राम पंचायत रौरा से अमिलिया तक की सड़क और रौरा से पाडा पहुंच मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इस तरह की स्थिति में आने-जाने वाले यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या तो किसानों को हो रही है। धान की सिंचाई के लिए बिजली चाहिए। लेकिन क्षेत्र में कम से कम दिन में 15 से 20 बार बिजली जाती है। अब भला किसान भाई कैसे अपना गुजारा करें।
उनका कहना है कि धीरे-धीरे परम्परागत खेती करने वाले लोगों ने भी पलायन करना शुरू कर दिया है। रात भर किसान आवारा पशुओं के कारण रखवाली करने के लिए जागते रहते हैं। ठीक से नींद भी नहीं ले पाते। जिसका कोई समाधान अब तक नहीं निकाला गया है। इन्हीं सभी विषयों को लेकर हमारा आमरण अनशन लगातार जारी है।