भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बीना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता से जुड़ी हुई बड़ी खबर सामने आ रही है। इस मामले में कांग्रेस ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इंदौर हाईकोर्ट में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के द्वारा एक याचिका लगाई गई है, जिसमें सप्रे की सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है।इस पूरे मामले में नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि अभी कोर्ट में याचिका लगाई गई है, जल्द ही सुनवाई की तारीख मिलेगी।
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने 16 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में निर्मला सप्रे को अपने साथ नहीं बैठाने का फैसला लिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दलबदल कानून के अंतर्गत निर्मला सप्रे की सदस्यता समाप्त करने के लिए आवेदन भी दिया है। लेकिन तीन बार नोटिस देने के बाद निर्मला सप्रे ने अब तक कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान बीना में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की उपस्थिति में निर्मला सप्रे के भाजपा में शामिल होने की घोषणा की गई थी। उन्होंने चुनाव में सागर लोकसभा सीट से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला के विरुद्ध काम किया। परिणाम भाजपा के पक्ष में रहे।