सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा सीट में हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस के राजकुमार पटेल को हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी पटेल ने आज मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। बुधनी विधानसभा के सेक्टर एवं मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की आभार सभाओं को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि बुधनी विधानसभा में हमने लोकतंत्र की हत्या होते हुए देखा है।
राजकुमार पटेल ने कहा कि मेरी अकेले की हिम्मत नहीं है कि मैं चुनाव लड़ूं। उन्होंने कहा क्योंकि भारतीय जनता पार्टी जिस हिसाब से चुनाव लड़ती है, हम उस हिसाब से चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में दारू, पेट्रोल की पर्चियां, पैसा बंटा। भाजपा ने इसी के दम पर चुनाव जीता, लेकिन ये ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है।
कांग्रेस प्रत्याशी पटेल ने कहा स्वतंत्र लोकतंत्र में जो कलंक बुधनी के माथे पर लगा है, उसे कलंकित अगर कोई हुआ है तो वह बुधनी की विधानसभा हुई है। क्योंकि हमने विधानसभा बुधनी में लोकतंत्र को बिकते,पिटते, देखा और लोकतंत्र को घायल अवस्था में पहुंचा दिया। उन्होंने कहा बदनामी तो बुधनी विधानसभा की होती है, इससे हमें बचाने की जरूरत है। बता दें कि बुधनी विधानसभा में 13 नवंबर को मतदान हुआ और 23 नवंबर को चुनाव परिणाम आए थे।