बालाघाट। लंबे समय से मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदो पर भर्ती की मांग कर रहा है। सरकार रिक्त पदो पर भर्ती नहीं कर रही है। इसी को लेकर प्रदेश व्यापी आह्रवान पर मध्यप्रदेश लघुवेतन कर्मचारी संघ बालाघाट इकाई ने 28 नवंबर गुरुवार को दोपहर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान संघ जिलाध्यक्ष संतोष प्रधान, अरूण सूर्यवंशी, जितेन्द्र नेवारे, दुर्गासिंह जैतवार, दमयंती गायधने, कृष्णा ठकरेले, नंदकिशोर पांचे, ढिमर पांचे, कुंवरलाल नगपुरे, दशाराम मेश्राम सहित अन्य लघुवेतन कर्मचारी मौजूद थे।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष संतोष प्रधान ने बताया कि संगठन के प्रांतीय आव्हान पर ये प्रदर्शन किया है। हमारी तीन सूत्रीय मांग हैं, इसमे सरकार से चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पड़े पदो पर आउटसोर्स से भर्ती नहीं करके सीधी भर्ती किए जाने, आउटसोर्स कंपनी को शासकीय कंपनी घोषित किए जाने और विभिन्न विभागो में रिक्त पड़े चतुर्थ श्रेणी पदों को विभागो में कार्यरत स्थायी और दैनिक वेतन भोगी, अंशकालीन कर्मचारियों से भरे जाकर फिर आउटसोर्स से भर्ती किए जाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि संगठन की अन्य मांगे भी वर्षों से लंबित है, लेकिन आज प्रदेशव्यापी ज्ञापन आंदोलन के माध्यम से तीन मांगो को सरकार के सामने ज्ञापन के माध्यम से संघव ने रखा है और मांगो के निराकरण की मांग की गई है।