नीमच। आपका सहयोग पर्यावरण-प्रेम को दर्शाता है। उक्त उद्गार राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह, जिला नीमच पवन सज्जन ने जाजू कन्या महाविद्यालय नीमच द्वारा प्रयागराज महाकुम्भ के अवसर पर ‘‘एक थेली एक थाली’’ अभियान के तहत किट सहयोग कार्यक्रम में व्यक्त किये। अपने वक्तव्य में उन्होंने संघ की कार्यप्रणाली और शताब्दी समय के पांच आचारों का उल्लेख करते हुए संघ की श्रेष्ठ भारत-उन्नत भारत की नीति को छात्राओं के समक्ष प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विजय बाफना ने इस सहयोग कार्यक्रम की महत्ता बताते हुए कहा कि इससे छात्राओं को पर्यावरण के प्रति सजग होने के साथ ही सहयोग करने की प्रेरणा मिलेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एनके डबकरा ने संघ की इस पर्यावरणीय चेतना से ओतप्रोत योजना की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पधारे हुए सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय परिवार की ओर से 300 किट संघ के पदाधिकारियों को सौंपे गये।
कार्यक्रम में संघ के विभाग पर्यावरण संयोजक यशवंत यादव, विभाग सेवा प्रमुख नारायण सिंह राठौड़, उपनगर कार्यवाह जितेन्द्र सोनी, किसान संघ कोषाध्यक्ष निलेश पाटीदार, पूर्व जिलामंत्री भाजपा मनीष चौरसिया, महाविद्यालयीन स्टॉफ एवं छात्राएं उपस्थित थी।