नीमच। शुक्रवार दोपहर में मनासा नगर के नीमच रोड स्थित शासकीय महाविद्यालय में 10 दिवसीय एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 20 नवंबर से 29 नवंबर तक आयोजित किया गया। इस शिविर में नीमच, मंदसौर, रतलाम और इंदौर के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के 400 से अधिक कैडेट्स ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कैडेट्स ने फायरिंग, जिपलाइन, वेली क्रॉसिंग जैसी रोमांचकारी गतिविधियों का अनुभव लिया। जुम्बा डांस, योग और खेल प्रतियोगिताओं में अपनी सहभागिता दी। शिविर में कैडेट्स के लिए प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, सायबर सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। शिविर में 200 कैडेट्स की थैलेसीमिया की जांच की गई और थैलेसीमिया सिकल सेल की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मनासा के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नगर परिषद मनासा की अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी, महाविद्यालय के जनभागीदारी अध्यक्ष अश्विन सोनी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि इस तरह के शिविरों से कैडेट्स में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।