शाजापुर। शाजापुर के नवनिर्मित बस स्टैंड का लोकार्पण और करोड़ों की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण सीएम 8 दिसंबर को शाजापुर में करेंगे। सीएम के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शुक्रवार दोपहर के समय कलेक्टर, एसपी, विधायक सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। 8 दिसंबर को पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन की जयंती भी है,इस बार नवीन की जयंती भी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी की जा रही है, इस कार्यक्रम में भी सीएम शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार सीएम नर्मदा परियोजना के लिए भी कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। शाजापुर विधानसभा के मक्सी में 17 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी मिलना शुरू हो गया है। मेडिकल कॉलेज के लिए जिला प्रशासन ने जमीन आवंटित कर दी है। सीएम के आगमन पर मेडिकल कॉलेज की घोषणा की मांग की जाएगी। किसानों के लिए लाहौरी बल्डे पर आलू प्याज की मंडी बनाने की घोषणा भी सीएम कर सकते हैं। शाजापुर विधानसभा को करोड़ों रूपए की सौगात सीएम दे सकते हैं।