खरगोन। 50 वर्षीय महिला की नर्मदा किनारे अनोखी साधना। 33 दिन से केवल 5 बेलपत्र के सहारे शिवलिंग पर लगातार नर्मदा जल अर्पित कर रही नर्मदा भक्त रामकन्या। 72 वर्षीय किसान पिता कर रहे बेटी की साधना में मदद। रामकन्या दो बार पैदल कर चुकी हैं 3500 किमी लंबी नर्मदा परिक्रमा। बाकावां से सिर पर शिवलिंग धारण कर लाई थी शालिवाहन मंदिर। रामकन्या सूर्याेदय से सूर्यास्त तक पूरे समय शिवलिंग पर नर्मदा से जलाभिषेक करती हैं और मंत्रों का जाप करती है।
खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर कसरावद तहसील के नावड़ातोड़ी घाट पर 50 वर्षीय रामकन्या यादव अनोखी साधना कर रही हैं। मां नर्मदा नदी के पावन तट पर देवी-देवताओं से लेकर ऋषि मुनियों और अनेकों संतों ने भगवान शिव की कृपा पाने के लिए कठोर साधनाएं की है। एक महिला साधक इन दिनों खरगोन में 41 दिन की अनोखी कठोर साधना में रही हैं। हम बात कर रहे हैं, 50 वर्षीय रामकन्या यादव की, जो पिछले 18-19 दिनों से नावड़ातोड़ी गांव में भूखे रहकर तेज धूप में नर्मदा नदी के तट स्थित शालीवाहन घाट पर शिव की आराधना कर रही हैं। रामकन्या यादव मां नर्मदा की परम भक्त हैं और दो बार पैदल नर्मदा परिक्रमा कर चुकी हैं। पिछले महीने गुरु आदेश के बाद बकावां से शिवलिंग सिर पर रखकर पैदल शालीवाहन मंदिर पहुंची थी। यहां नर्मदा तट पर शिवलिंग की स्थापना की और तभी से मौन धारण करके साधना में लीन हो गई। रामकन्या सूर्याेदय से सूर्यास्त तक पूरे समय शिवलिंग पर नर्मदा से जलाभिषेक करती हैं और मंत्रों का जाप करती है। रामकन्या देवास जिले के चापड़ा गांव की रहने वाली हैं। परिक्रमा के बाद नर्मदा के प्रति उनकी आस्था बढ़ी तो 40 किमी दूर बाकावां से सिर पर शिवलिंग लेकर पैदल शालीवाहन पहुंची और अनुष्ठान करने की इच्छा व्यक्त की। तब यहां शिवलिंग की स्थापना की और 27 अक्टूबर से उनकी साधना अब तक जारी है। 41 दिन तक इसी प्रकार कठोर साधना करेंगी। तपस्या पूरी होने तक महिला तपस्वी ने मौन धारण किया है। दिन में दो बार थोड़ा पानी पीती है। अन्न का त्याग किया है। भोजन में सिर्फ बिलपत्र के 5 पत्ते खाती है। वो भी एक टाइम। किसी से बात नहीं करती कुछ कहना होता है तो इशारों में या कागज पर लिखकर बताती है। पूरे टाइम शिवलिंग पर नर्मदा का जल अर्पण करती है और मन में ओम नमः शिवाय तथा नर्मदे हर का जाप करती है।