रतलाम। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह 1 दिसंबर को विधायक सभागृह में होगा। कक्षा 10वीं-12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, अध्यक्षता जिला प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह करेंगे। कार्यक्रम में फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम मध्यम मंत्री चेतन्य काश्यप भी उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि सांसद अनिता चौहान, महापौर प्रह्लाद पटेल एवं जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय रहेंगे।
प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजन समिति के सलाहकार पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, निर्मल लुनिया ने बताया कि समारोह में 10वीं एवं 12वीं की सीबीएसई एवं एमपी बोर्ड की परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 2 हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान होगा। प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को फाउंडेशन द्वारा सम्मान स्वरूप टाइटन रिस्ट वॉच एवं शील्ड प्रदान की जाएगी।
2014 में हुई शुरुआत
शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2014 से प्रतिभा सम्मान समारोह की शुरुआत की चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा की गई। तब से लेकर अब तक निरंतर प्रतिभाओं का सम्मानित किए जाने का यह कार्य किया जा रहा है।
स्कूलों में भेजे कूपन
आयोजन समिति सदस्य महेंद्र नाहर, सोना शर्मा, मनोज शर्मा, मुकेश सोनी, आनंद जैन ने बताया कि समारोह की सूचना समस्त स्कूलों को दी गई है। समारोह के कूपन स्कूलों को भेजे गए हैं। बच्चे स्कूल से कूपन प्राप्त कर सकते हैं। कूपन के आधार पर ही मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। विद्यार्थी अपने पैरेंट्स के साथ मौजूद रहेंगे।