भोपाल। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी के पूर्व विधायक की हुई पिटाई मामले में कांग्रेस ने तंज कसा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया साईट एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा पर पर जमकर निशाना साधा। बता दें कि कार्यक्रम समापन के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान के साथ कार्यकर्ताओं ने मारपीट की थी।
सिंघार ने बीजेपी पर कसा तंज
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना पर तंज कसते हुए एक्स पर लिखा- ये है संस्कारित और अनुशासित पार्टी बीजेपी की असलियत। उज्जैन जिले की महिदपुर विधानसभा में पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान की प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल और सांसद अनिल फिरोजिया की मौजूदगी में पिटाई हुई। खास बात ये कि पिटाई करने वाले बीजेपी के ही कार्यकर्ता थे, अब बिना बुलाए मंच पर जाने वालों के साथ तो यही होगा। सीएम साहब, आप विदेश क्या गए, यहां आपके गृह जिले में ही पार्टी वाले मारपीट करने लगे ये न तो राजनीतिक संस्कार हैं और सामाजिक व्यवहार।
क्या है पूरा मामला ?
बता दें कि शुक्रवार को उज्जैन जिले के महिदपुर में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल व सांसद अनिल फिरोजिया का एक कार्यक्रम था। स्वागत के लिए मंच पर पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान को आमंत्रण नहीं किया गया था। बताया जाता है कि इसके बाद वे मंच पर जबरन घुस गए और कार्यकर्ताओं से बदतमीजी करने लगे। इसी बीच नाराज कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री और सांसद की मौजूदगी में जमकर पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।