बुरहानपुर। रेलवे यूनियन की मान्यता को लेकर आठ साल बाद चुनाव होने जा रहे हैं। इसको लेकर रेलवे के संगठन तैयारी में लगे हुए हैं, प्रचार प्रसार किया जा रहा है। अब तक सिर्फ दो बार मान्यता के लिए चुनाव कराए गए हैं। अब इसके लिए 4 और 5 दिसंबर को मतदान होगा। इससे पहले सभी संगठन मतदाताओं को रिझाने की तैयारी में हैं।
बता दें कि, लंबे समय से मध्य रेलवे में नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन का दबदबा रहा है। इसमें बुरहानपुर क्षेत्र के 701 कर्मचारी मतदाता मतदान करेंगे। रेलवे यूनियन की मान्यता को लेकर चुनाव हो रहे हैं। इसमें भारतीय रेलवे के 12.50 लाख कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
बुरहानपुर में 701 मतदाता होंगे शामिल
भुसावल मंडल में 11 हजार 619 और बुरहानपुर में 701 मतदाता कर्मचारी इसमें शामिल होंगे। चुनाव में नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन, सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ प्रमुख दल है। इसके अलावा रेलवे मजदूर यूनियन, मध्य रेलवे कर्मचारी यूनियन, ट्रैक मैन यूनियन भी चुनावी मैदान में हैं।
भुसावल मंडल में 4 और 5 दिसंबर को मतदान होगा और मतगणना 12 दिसंबर को होगी। सभी जोन के चुनाव और मतगणना के बाद 35 प्रतिशत मत लेने वाले संगठन को मान्यता दी जाएगी। चुनाव को लेकर बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर प्रचार-प्रसार का दौर चल रहा है।
चुनाव को लेकर सभी यूनियन कर्मचारी मतदाताओं के बीच जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर प्रचार के लिए यूनियन ने झंडे और पोस्टर लगाए। मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र कापड़े ने बताया कि अब तक दो बार मान्यता के लिए चुनाव हो चुके हैं, संगठन तैयारी में जुटे हैं।