रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार और जिला कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देशन में राजस्व महाभियान 3.0 के तहत पिपलौदा तहसील के ग्राम सोहनगढ़ में मंगलवार को रात्रिकालीन राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फॉर्मर आईडी, आरओआर (अधिकार अभिलेख) और ई-केवाईसी जैसी सेवाओं का लाभ ग्रामीण किसानों को प्रदान किया गया। तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़ और हल्का पटवारी मोहिनी शर्मा ने राजस्व अमले के साथ मिलकर इन कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न किया। तहसीलदार दानगढ़ ने बताया कि दोपहर के समय ग्रामीण किसान खेती काम में व्यस्त होने से अभियान का लाभ नहीं ले पा रहे थे, इस हेतु रात्रिकालीन शिविर आयोजित किया गया था। किसान हेमंत पाटीदार ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।