भोपाल। मध्यप्रदेश में मोहन कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आज शाम 6.30 बजे मंत्रालय में होगी। बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगेगी। 13 दिसंबर को डॉ. मोहन यादव की सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होगा, उसके पहले कई फैसले होंगे।
बैठक में विधानसभा में लाए जाने वाले विधेयकों को मंजूरी दी जा सकती है। स्कूल फीस निर्धारण को लेकर फैसला किया जा सकता है। बैठक में फीस विनियामक विधेयक पर चर्चा हो सकती है। दिल्ली में सांसदों के साथ हुई बैठक में लिए जाने वाले फैसलों के बारे में भी मंत्रियों को अवगत कराया जाएगा। डॉ मोहन यादव सरकार के एक साल पूरे होने पर जन-कल्याण पर्व को लेकर मंत्रियों को निर्देशित किया जाएगा। हितग्राही मूलक योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए जिलों में समीक्षा करने के लिए भी निर्णय लेंगे। इसके अलावा अनुपूरक बजट, फायर एक्ट, किराएदारी अधिनियम समेत अन्य विधेयकों पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।