खरगोन। शहर के मांगरुल रोड पर चल रहा ट्रांसपोर्ट का कारोबार राहगिरों के लिए हादसों का कारण बना हुआ है। यहां आए दिन सामान से लोडेड ट्रक राहगिरों के लिए दुर्घटना का कारण बने हुए है। सोमवार शाम भी एक ट्रक बिना चालक के रिवर्स में आकर एक ऑटो और बाईक को चपेट में ले लिया, गनिमत रही समय रहते ऑटो चालक और बाईक चालक भाग निकले, अन्यथा हादसे के शिकार हो सकते थे। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रांसपोर्ट संचालक प्रतिष्ठान बंद कर रवाना हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अभिरक्षा में लिया है।
मिली जानकारी अनुसार बारदान से भरा एक ट्रक ट्रांसपोर्ट पर पहुंचा था। ट्रांसपोर्ट सड़क से ऊंचाई पर होने से ट्रक चढऩे के दौरान ब्रेक फेल होने या प्रेशर नही बनने से कंट्रोल खोने का खतरा बना रहता है। यही हादसा सोमवार को भी हुआ, जब ट्रक चालक ट्रक खड़ी कर ट्रांसपोर्ट ऑफिस में गया, इसी दौरान ट्रक बिना चालक के रिवर्स में आ गया और ऊंचाई से तेजगति में नीचे उतरा, जिससे यहां से गुजर रहा एक ऑटो और बाईक चपेट में आ गए। उल्लेखनीय है कि इसके पहले 30 अक्टूबर को भी इसी तरह की घटना घटित हुई थी।