छतरपुर। कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने आत्मदाह के कोशिश की। मंगलवार दोपहर एडीएम मिलिंद नागदेवे, जिला पंचायत सीईओ तपस्या सिंह परिहार समेत अन्य अधिकारी पीड़ितों की समस्या सुन रहे थे इसी दौरान एक युवक ने अचानक खुद पर डीजल छिड़क लिया यह देख परिसर में अफरा तफरी मच गयी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
दबंगों ने पीटा, केस वापस लेने के लिए कर रहे प्रताड़ित
आत्महत्या की कोशिश करने वाला युवक जीतेन्द्र लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ेरी मिश्रन पुरवा का रहने वाला है। उसने बताया कि 14 अगस्त 2024 को गांव के ही कृष्णकांत गर्ग ने चुनावी रंजिश के चलते अपने साथी पूप्पू गर्ग, गनेश गर्ग, सत्यम तिवारी, दीपू तिवारी, बल्लू मिश्रा और रज्जू शुक्ला के साथ मिलकर जीतेन्द्र मिश्रा के साथ मारपीट की थी। लवकुशनगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध केस भी दर्ज किया गया था।
पुलिस 29 सितंबर 2024 को आरोपी सत्यम तिवारी, दीपू तिवारी एवं रज्जू शुक्ला को गिरफ्तार भी किया।
जीतेन्द्र का आरोप है कि फरार आरोपी कृष्णकांत गर्ग सहित अन्य साथी उसके ऊपर राजीनामे का दबाव बना रहे हैं। वे आए दिन धमकियां देते हैं। पुलिस अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते उसने यह कदम उठाया।
पीड़ित जीतेन्द्र मिश्रा का कहना है कि 5 अक्टूबर को आरोपी कृष्णकांत गर्ग, गनेश गर्ग और बल्लू मिश्रा पुलिसकर्मियों के साथ मुझसे मिलने भी आए थे। उसका सीसीटीवी फुटेज मेरे पास है।
जीतेन्द्र के मुताबिक आरोपी कृष्णकांत गर्ग के ऊपर जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, महिलाओं से छेड़छाड़ जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं और उस पर कार्रवाई भी हो चुकी है, बावजूद इसके पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।
खेत में जानवर छोड़ देते हैं, घर आकर देते हैं जान से मारने की धमकी’
पीड़ित जितेंद्र की पत्नी बबली मिश्रा का कहना है कि आरोपी उनके खेत में आवारा पशु छोड़कर फसल बर्बाद कर देते हैं। साथ ही आए दिन घर आकर जान से मारने की धमकी देते हैं। इस मामले में एडीएम मिलिंद नागदेवे कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।