धार। जिले के सरदारपुर के ग्राम राजगढ़ में ईसाई बनने से मना करने पर युवकों से हुई मारपीट के मामले को लेकर हिंदू समाज में आक्रोश बढ़ गया है। शनिवार को धर्मांतरण को लेकर बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग नारेबाजी करते हुए एसडीओपी कार्यालय पहुंचे और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार को 2 अलग-अलग ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को क्रिसमस के नाम खुले मैदान में टेंट पंडाल लगाकर, भीड़ जुटाकर अवैध रूप से लोगों का धर्मांतरण करवाया जा रहा था। जिसमें पीड़ित युवक अमर सिंह और मुकेश भी मौजूद थे।
धर्म परिवर्तन करने से मना करने पर की मारपीट
दोनों ने धर्म परिवर्तन करने से मना किया तो पादरी और अन्य लोगों ने उनपर लाठी और धारदार हथियार से हमला किया। जिसमें युवक अमर सिंह को में गंभीर चोट आई, वह अभी आईसीयू में भर्ती है। लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने और क्षेत्र में चल रहे धर्मांतरण पर रोक लगाने की मांग की।
वहीं दूसरे ज्ञापन में बताया कि संजय कॉलोनी चर्च में आए दिन बाहर की महिलाएं अभद्रता करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसाई पादरी और उनसे जुड़े लोग प्राकृतिक आपदा का डर दिखाकर और हिन्दू धर्म के देवी देवताओं पर आस्था का अपमान, बुराई करते हैं।
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
चर्च पादरी ईसाई धर्म अपनाने के लिए सुविधाओं का लालच देता है और जादू टोना दिखाकर धर्मांतरण करवाया जाता है। ज्ञापन में अवैध धर्मांतरण को रोकने की मांग की गई, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी।